दरभंगा में भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, वैचारिक एवं संगठनात्मक विषयों पर हुआ मंथन
भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन आज दरभंगा स्थित दलान रिजॉर्ट में भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी मृत्युंजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, विधायक जीवेश मिश्रा, विधायक हरि सहनी, विधायक मुरारी मोहन झा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सैयद सरवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया
दरभंगाः भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन आज दरभंगा स्थित दलान रिजॉर्ट में भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी मृत्युंजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, विधायक जीवेश मिश्रा, विधायक हरि सहनी, विधायक मुरारी मोहन झा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सैयद सरवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने देश के समक्ष उपस्थित आंतरिक एवं बाह्य चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत को कमजोर करने वाली शक्तियों के प्रति समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। जातिवाद, सामाजिक भेदभाव एवं विघटनकारी प्रवृत्तियों को राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी मृत्युंजय कुमार झा ने “सैद्धांतिक अधिष्ठान, एकात्म मानववाद एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय चिंतन “धर्म, अर्थ, काम एवं मोक्ष” के चतुर्थ पुरुषार्थ पर आधारित है और मन, बुद्धि एवं आत्मा से नियंत्रित जीवन ही समाज एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि व्यक्ति से समष्टि और समष्टि से परमेष्ठी तक के चिंतन को आत्मसात करते हुए भारत को एक सूत्र में जोड़ने के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक वैचारिक आंदोलन है। कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में अनेक वक्ताओं ने संगठन, राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता एवं भाजपा की वैचारिक भूमिका पर अपने विचार रखे। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संवादात्मक शैली में विषयों पर चर्चा एवं विचार साझा किए। पटना से एनबीसी 24 के लिए कुमार गौतम की रिपोर्ट।